House of anti-drug activist's murder accused demolished, medical store set on fire in Punjab
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पंजाब के मानसा जिले में प्रशासन ने नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह उर्फ झोटा की हत्या के आरोपी अश्वनी कुमार के मकान का एक हिस्सा बुधवार को ढहा दिया तथा इस दौरान भीड़ ने उसके मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मानसा के वीर नगर इलाके में बुधवार को जब खुदाई करने वाली मशीन से अश्वनी कुमार के मकान का अगला हिस्सा ढहाया जा रहा था, तब हंगामापूर्ण स्थिति नजर आयी। इस दौरान निहंगों सहित गुस्साई भीड़ ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मकान के ढहाए गए हिस्से के मलबे को भी और तोड़ना शुरू कर दिया। वहां बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने इस घटना के वीडियो बनाए और नारे लगाकर अपना समर्थन जताया।
भीड़ ने कुमार के उस मेडिकल स्टोर में भी लाठी-डंडों और पत्थरों से तोड़फोड़ की, जहां मंगलवार को झोटा को गोली मारी गई थी। लोगों ने आरोपी के खिलाफ नारे लगाए। भीड़ ने दुकान में तोड़फोड़ करने के बाद उसमें आग लगा दी।
मकान ढहाये जाने की कार्रवाई देखने के लिए लोग आसपास के घरों की चारदीवारी पर भी चढ़ गए। भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद भीड़ ने जमकर हंगामा किया।
प्रशासन ने कहा कि कुमार के मकान में अवैध निर्माण की जानकारी मिलने के बाद उसे ढहाने की कार्रवाई की गई।