आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मेघालय में 2025 में हनीमून के दौरान जान से मार डाले गए इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी के परिवार ने इस हत्याकांड की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग शुक्रवार को दोहराते हुए कहा कि उसका अब भी मानना है कि मामले की उचित छानबीन के लिए केंद्रीय एजेंसी जरूरी है।
राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी का यह बयान ऐसे वक्त सामने आया, जब उच्चतम न्यायालय ने इस मामले की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को एक निचली अदालत से मिली जमानत को बरकरार रखने के मेघालय उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि सोनम ने ही अपने पति राजा की हत्या करवायी।
विपिन ने यहां ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,“किसी रसूखदार व्यक्ति की संतान की मौत पर सीबीआई जांच का आदेश तुरंत हो जाता है। मेरे भाई राजा की हत्या को एक साल से ज्यादा वक्त हो चुका है, लेकिन अब तक इस मामले में सरकार ने सीबीआई जांच का आदेश जारी नहीं किया है।’’