छह अक्टूबर का इतिहास : अमेरिका में पहली बोलती फिल्म का प्रीमियर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-10-2025
History of October 6: The premiere of the first talking film in America
History of October 6: The premiere of the first talking film in America

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिकी सिनेमा के इतिहास में छह अक्टूबर की तारीख की अपनी एक खास अहमियत है। दरअसल, 1927 में छह अक्टूबर के दिन ही अमेरिका के मूक सिनेमा ने बोलना सीखा, यह वह दिन था, जब देश की पहली बोलती फिल्म ‘द जैज सिंगर’ का न्यूयार्क में प्रीमियर हुआ।
 
सिनेमा की बात हो तो भारत का जिक्र होना लाजिमी है। भारत में 14 मार्च 1931 को मूक सिनेमा को आवाज मिली थी। इसी दिन मुंबई के मैजेस्टिक सिनेमा हॉल में भारत की पहली बोलती फिल्म 'आलम आरा' रिलीज हुई थी।
 
देश-दुनिया के इतिहास में छह अक्टूबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
 
1949 : तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने खडगवासला में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी की आधारशिला रखी।
 
1957 : सोवियत संघ ने नोवाया जेमल्या में परमाणु परीक्षण किया।
 
1981 : मिस्र के सैन्य अधिकारी और 1970 से देश की सत्ता पर काबिज मोहम्मद अनवर अल सादत की हत्या कर दी गई। उन्होंने इजराइल के साथ गंभीर शांति वार्ता के लिए प्रयास किए और उनकी इस उपलब्धि पर उन्हें इजराइल के प्रधानमंत्री के साथ संयुक्त रूप से नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
 
2000 : जापान के साकाइमिनातो के निकट 7.3 तीव्रता का भूकंप। यह कोबा में 1995 में आए भूकंप के बाद का सबसे ताकतवर भूकंप का झटका था, लेकिन इससे हुआ नुकसान अपेक्षाकृत काफी कम रहा, क्योंकि इसका केन्द्र बिंदु गैर रिहायशी इलाकों में था।
 
2006 : संयुक्त राष्ट्र ने लेबनान में शांति रक्षकों को बल प्रयोग का अधिकार दिया।
 
2007 : जेसन लुईस ने अपने बूते पूरी दुनिया की परिक्रमा पूरी की। जहाज से लगाई गई इस परिक्रमा को पूरा होने में 13 वर्ष का समय लगा। उन्होंने अपनी यात्रा जुलाई 1994 से लंदन के ग्रीनविच से शुरू की थी।
 
2007 : परवेज मुशर्रफ़ एकतरफ़ा जीत के साथ पाकिस्तान के राष्ट्रपति पद पर निर्वाचित घोषित।
 
2007 : कोरू में एरियन-5 रॉकेट के सहारे ऑस्ट्रेलियाई-अमेरिकी टेलीविजन उपग्रह का परीक्षण किया गया।
 
2010 : दक्षिण कोरिया और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौता।
 
2011 : तुहोकू भूकंप और सुनामी के बाद क्षतिग्रस्त हुए जापानी संयंत्रों में सामान्य कामकाज दोबारा शुरू हुआ।
 
2020 : तुर्की समर्थित विपक्षी लड़ाकों के नियंत्रण वाले उत्तरी सीरिया के अलेप्पो अल-बाब शहर में विस्फोटक से लदे ट्रक में किए गए विस्फोट में 14 लोगों की मौत, दर्जनों अन्य घायल।
 
2021 : रूस में कोरोना वायरस के संक्रमण से एक दिन में 900 से अधिक लोगों की मौत ।
 
2022 : थाईलैंड में पूर्व पुलिस कर्मी ने ‘डे केयर सेंटर’ पर हमला किया, 36 लोगों की मौत ।
 
2023 : ईरान में महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ लड़ाई के लिए नरगिस मोहम्मदी को 2023 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया।
 
2024 : गाजा पट्टी की एक मस्जिद पर इजराइली हवाई हमले में 19 लोगों की मौत।