असम विधानसभा चुनाव में भारी मतदान ‘सामान्य बात नहीं, ऐतिहासिक है’: हिमंत

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-04-2026
High Voter Turnout in Assam Assembly Elections Is ‘Not Normal, It Is Historic’: Himanta
High Voter Turnout in Assam Assembly Elections Is ‘Not Normal, It Is Historic’: Himanta

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में जबरदस्त मतदान ‘‘सामान्य बात नहीं है बल्कि ऐतिहासिक’’ है।
 
शर्मा ने कहा कि इस चुनाव का परिणाम ‘‘हमारे लोगों के चेहरों पर उम्मीद, गर्व और खुशी के रूप में पहले से ही दिखाई दे रहा है।’’
 
असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया, जिसमें लगभग 84.42 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
 
शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं था, बल्कि इसे एक आंदोलन में बदलना था – एक ऐसा आंदोलन जिससे हमारे सभ्यतागत मूल्यों, हमारी संस्कृति और हमारी भूमि की रक्षा हो।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘आज पहली बार, हमारे लोग अभूतपूर्व संख्या में मतदान करने के लिए निकले - कंधे से कंधा मिलाकर, मतदान में अपने विरोधियों के बराबर और उनसे आगे भी निकल आए हैं। कई मतदान केंद्रों पर भागीदारी 95 प्रतिशत से अधिक हो गई। यह सामान्य बात नहीं है। यह ऐतिहासिक है।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम भाषा और जाति से ऊपर उठ गया है, और ‘‘हमारे लोगों ने एक स्पष्ट संकल्प के साथ मतदान किया है - हमारी भूमि, हमारी पहचान और हमारी संस्कृति को अवैध घुसपैठ और जनसांख्यिकीय आक्रामकता से बचाने के लिए’’।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह सिर्फ एक चुनाव नहीं है। यह असम के इतिहास में एक महत्वपूर्ण क्षण है।”
 
शर्मा ने कहा कि संदेश स्पष्ट है, ‘‘असम आत्मसमर्पण नहीं करेगा, असम लड़ेगा, असम डटा रहेगा।’’
 
 
प्रादेशिक गुवाहाटी