आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सिक्किम में भारी बारिश के कारण दशहरा उत्सव का उत्साह फीका पड़ने की संभावना है। यह जानकारी एक अधिकारी ने रविवार को दी।
गंगटोक मौसम केंद्र के निदेशक गोपीनाथ राहा ने कहा कि पर्वतीय शहर में पिछले कुछ दिनों से सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। वहीं, पारा 26.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है।’’
राहा ने कहा, ‘‘हालांकि, सितंबर के अंत तक सुबह के वक्त आसमान काफी हद तक साफ रह सकता है, लेकिन एक अक्टूबर से बादल छाने की संभावना है। दो अक्टूबर से बारिश के जोर पकड़ने की संभावना है और यह चार से पांच दिनों तक जारी रहेगी, जिसका असर दशहरा उत्सव पर देखने को मिल सकता है।"
उन्होंने कहा कि अचानक गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है। उन्होंने आगाह किया कि यहां तक कि साफ आसमान में भी जल्द ही बादल छा जाने के बाद भारी बारिश हो सकती है।
सिक्किम में मौसमी वर्षा की कमी वर्तमान में लगभग नौ प्रतिशत है, जिसे मौसम विज्ञानी लगभग सामान्य मानते हैं।