आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
घाना ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को भारत के नेतृत्व वाले ‘इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस’ (आईबीसीए) में शामिल होने के लिए ‘स्वीकृति पत्र’ प्रदान किया है और इसी के साथ यह पश्चिम अफ्रीकी देश इस गठबंधन का औपचारिक रूप से सदस्य बन गया है।
जयशंकर तीन अफ्रीकी देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में घाना पहुंचे। इस यात्रा में कोट डी आइवर और इथियोपिया भी शामिल हैं।
घाना के विदेश मंत्री सैमुअल ओकुदजेटो अबलाकवा ने बुधवार को द्विपक्षीय बातचीत के दौरान जयशंकर को यह स्वीकृति पत्र सौंपा।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें घाना के विदेश मंत्री से ‘इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस’ में शामिल होने का स्वीकृति पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने घाना के अपने समकक्ष के साथ अपनी एक वीडियो क्लिप और तस्वीर भी साझा की।
आईबीसीए संधि पर आधारित एक अंतरसरकारी अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा समेत बड़ी बिल्ली प्रजाति के सात वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण पर केंद्रित है।
भारत ने नौ अप्रैल, 2023 को ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में इस गठबंधन की शुरुआत की थी।