Gas pipeline damaged during metro construction in Agra; area evacuated following a leak.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आगरा में मेट्रो रेल निर्माण कार्य के दौरान गैस पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण गैस रिसाव के बाद एहतियातन आसपास के इलाके को खाली कराना पड़ा। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में रामबाग चौराहे के पास हुई। उस समय खुदाई कार्य के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का रिसाव होने लगा।
उन्होंने बताया कि रिसाव के बाद एहतियात के तौर पर आसपास का इलाका खाली करा लिया गया और प्रभावित क्षेत्रों में गैस आपूर्ति भी रोक दी गई।
दमकल विभाग के कर्मचारी और गेल (इंडिया) लिमिटेड के अधिकारी मौके पर पहुंचे और रिसाव रोकने के उपाय किए।
गेल (इंडिया) लिमिटेड के उप महाप्रबंधक ओमवीर सिंह ने कहा कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान हुई लापरवाही के कारण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई। उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य के लिए गैस की आपूर्ति रोक दी गई।