आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पटना में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान लोगों की अत्यधिक भीड़ के बीच चार महिलाएं बेहोश हो गईं। हालांकि सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटना मंगलवार रात पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में गांधी मैदान के मुख्य द्वार पर हुई।
मसौढ़ी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 राघव दयाल ने संवाददाताओं को बताया कि मंगलवार को एक स्थानीय समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में करीब 15,000 से 20,000 लोग जुटे थे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोग मैदान से बाहर निकलने लगे। लोगों की निकासी के लिए तीन द्वार खोले गए थे।
उन्होंने कहा, “मुख्य द्वार पर लोगों की अत्यधिक भीड़ के बीच कुछ महिलाएं गिर गईं और बेहोश हो गईं।”
दयाल ने बताया कि पुलिस अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों ने तुरंत महिलाओं को संभाला और उन्हें स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के मुताबिक, तीन महिलाओं को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि मसौढ़ी की निवासी रेणु देवी को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
उन्होंने बताया कि रेणु देवी की हालत अब स्थिर है और उपचार किया जा रहा है।
दयाल ने कहा कि रावण दहन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।