भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप सपा में शामिल हुए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-10-2026
Former BJP MP Dharmendra Kashyap joins SP
Former BJP MP Dharmendra Kashyap joins SP

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तर प्रदेश की आवंला (बरेली) लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो बार सांसद रहे धर्मेंद्र कुमार कश्यप मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए।
 
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री कश्यप ने लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में आधिकारिक रूप से सपा की सदस्यता ली।
 
कश्यप अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से आते हैं। सूत्रों ने बताया कि कश्यप को राज्यसभा का टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया। भाजपा ने बरेली जिले से ही पशुधन व दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री व झारखंड के पूर्व राज्यपाल संतोष गंगवार की बेटी श्रुति गंगवार को उम्मीदवार बनाया, जो राज्यसभा में निर्विरोध निर्वाचित हो गये हैं।
 
अखिलेश यादव की मौजूदगी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कश्यप ने कहा कि राज्य में खराब कानून-व्यवस्था के कारण लोग भाजपा सरकार से तंग आ चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ‘बुलडोजर’ उनकी अपनी जाति के लोगों पर नहीं चलता, बल्कि गरीबों को निशाना बनाया जाता है।