दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा: डायल

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 08-11-2025
Flight operations at Delhi airport gradually returning to normal: DIAL
Flight operations at Delhi airport gradually returning to normal: DIAL

 

नयी दिल्ली
 
दिल्ली स्थित देश के सबसे व्यस्ततम हवाईअड्डे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीएआई) पर विमान परिचालन शनिवार सुबह धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।
 
इससे एक दिन पहले हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में गड़बड़ी के कारण इस हवाई अड्डे पर 800 से अधिक उड़ानों में देरी हुई थी।
 
हवाई यातायात नियंत्रण की उड़ान योजना प्रक्रिया में सहयोग करने वाले ‘ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम’ (एएमएसएस) में तकनीकी समस्या शुक्रवार सुबह लगभग पौने छह बजे से 15 घंटे से अधिक समय तक जारी रही। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने शुक्रवार रात लगभग नौ बजे कहा कि समस्या का समाधान कर लिया गया है।
 
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में चार रनवे हैं और यह प्रतिदिन 1,500 से अधिक उड़ानों का संचालन करता है। यह देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है।
 
दिल्ली हवाई अड्डे की संचालक कंपनी डायल (दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड) ने शनिवार सुबह कहा कि एएमएसएस को प्रभावित करने वाली तकनीकी समस्या में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
 
उसने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दिल्ली हवाई अड्डे पर विमानों का संचालन सामान्य हो रहा है और सभी संबंधित अधिकारी हर प्रकार की असुविधा को कम करने के लिए पूरी लगन से काम कर रहे हैं।’’
 
शुक्रवार को 800 से अधिक उड़ानों में देरी के अलावा कुछ सेवाएं रद्द भी कर दी गई हैं जिससे सैकड़ों यात्री प्रभावित हुए।
 
देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी ‘इंडिगो’ ने शनिवार सुबह कहा कि हवाई अड्डा संचालक और वायु यातायात नियंत्रण (एटीसी) के दल प्रणाली को पूरी तरह से बहाल करने और संचालन को स्थिर करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही हैं।
 
उसने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अगले कुछ घंटों में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है। इस दौरान प्रस्थान और आगमन समय में कुछ समायोजन जारी रह सकता है।’’
 
उड़ानों पर नजर रखने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडारडॉटकॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह हवाई अड्डे पर आगमन और प्रस्थान सहित 200 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी हुई।
 
यह अभी पता नहीं चल सका कि क्या उड़ानों में देरी केवल एएमएसएस की समस्या के कारण हुई।