चार नवंबर : हैरी पॉटर श्रृंखला की पहली फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-11-2025
November 4: World premiere of the first film in the Harry Potter series.
November 4: World premiere of the first film in the Harry Potter series.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
गोल मटोल चेहरे पर गोल फ्रेम वाला चश्मा पहने भोले भाले हैरी पॉटर से दुनिया का बच्चा-बच्चा वाकिफ़ है। जे. के. रोलिंग ने अपनी किताबों में हैरी पॉटर के किरदार और एक जादुई दुनिया की रचना की, जिसमें जादू का विद्यालय, झाड़ू की सवारी और अजीब-अजीब से जानवर बहुत सी कहानियों में गढ़े गए थे। इन किताबों पर बनी पहली फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द सारसर्स स्टोन’ का वर्ल्ड प्रीमियर चार नवंबर 2001 को लंदन में हुआ था।
 
अब तक हैरी पॉटर श्रृंखला की ढेरों हॉलीवुड फिल्म बन चुकी हैं और सफलता की एक अलग ही कहानी लिख चुकी हैं। इक्कीसवीं सदी के इस सबसे मशहूर उपन्यास से 21वीं सदी की सबसे मशहूर फिल्म बनाई गई हैं। फिल्म का मुख्य किरदार हैरी पॉटर है।
 
देश-दुनिया के इतिहास में चार नवंबर की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:
 
1889 : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, उद्योगपति और मानवशास्त्री जमनालाल बजाज का जन्म हुआ।
 
1956 : हंगरी में बगावत को कुचलने के लिए सोवियत सेनाएं वहां पहुंची।
 
1979 : ईरान में बंधक संकट की शुरुआत। तेहरान स्थित अमेरिकी दूतावास पर ईरान के उग्रवादियों ने हमला कर वहां मौजूद लोगों को बंधक बनाया। बहुत से लोगों को एक वर्ष से अधिक समय तक बंधक रखा गया।
 
1980: हॉलीवुड के पूर्व अभिनेता और कैलिफोर्निया के गवर्नर रोनाल्ड रीगन ने जिमी कार्टर को बड़े अंतर से हराकर अमेरिका में राष्ट्रपति का चुनाव जीता।
 
1995 : शिमोन पेरेज और यासिर अराफात के साथ 1994 में नोबेल शांति पुरस्कार साझा करने वाले इजराइल के प्रधानमंत्री यित्जक राबिन की एक शांति रैली के दौरान यहूदी उग्रवादियों ने हत्या कर दी।
 
2001 : जे के रोलिंग्स की मशहूर हैरी पॉटर श्रृंखला पर बनी पहली फिल्म ‘हैरी पॉटर एंड द सारसर्स स्टोन’ का लंदन में प्रीमियर।
 
2008 : डेमोक्रेटिक पार्टी के बराक ओबामा अमेरिका के राष्ट्रपति बने। वह इस पद पर पहुंचे अफ्रीकी मूल के पहले अमेरिकी नागरिक थे।
 
2018 : भारत में यमुना नदी पर बने विशाल सिग्नेचर ब्रिज का उद्घाटन। लोहे के मजबूत तारों से बने 154 मीटर ऊंचे इस सुंदर ढांचे को दिल्ली का नया हस्ताक्षर कहा गया।
 
2019 : नेपाल में एक बस के सड़क से फिसलकर नदी में गिर जाने से तीन माह के शिशु समेत 17 लोगों की मौत।
 
2020 : बॉलीवुड में नब्बे के दशक की “फरेब” और “मेहंदी” जैसी फिल्मों में काम करने वाले अभिनेता फराज खान की 46 वर्ष की आयु में बेंगलुरु में मृत्यु।
 
2021 : ब्रिटेन के स्वास्थ्य नियामक ने दुनिया भर में तबाही मचा रहे कोविड-19 के सफल उपचार में मददगार मानी जा रही विश्व की पहली एंटीवायरल टैबलेट के उपयोग को मंजूरी दी।
 
2022 : चीन ने शिनजियांग और तिब्बत प्रांतों को जोड़ने वाले राजमार्ग से लगे पुलों और गांवों का नाम अपने उन चार सैन्य कर्मियों के नाम पर रखा, जो 2020 में गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों के साथ संघर्ष में मारे गए थे।
 
2023 : नेपाल के पर्वतीय क्षेत्र में आए भूकंप के कारण 157 लोगों की मौत, 160 से अधिक लोग घायल ।
 
2024 : इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप में ज्वालामुखी विस्फोट से कई मकानों को पहुंचा नुकसान, 10 लोगों की मौत। इसी दिन भारत के उत्तराखंड राज्य के अल्मोड़ा जिले में बस खाई में गिरी, 10 महिलाओं समेत 36 यात्रियों की मौत।