आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उद्योग मंडल फिक्की ने भारत-अफ्रीका के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के मकसद से व्यापक व्यापार व्यवस्था विकसित करने की जरूरत बताई है।
फिक्की ने शनिवार को कहा कि अधिक स्पष्ट और भरोसेमंद व्यापार रूपरेखा दोनों क्षेत्रों के बीच आर्थिक साझेदारी को नई गति दे सकती है।
फिक्की के महासचिव अनंत स्वरूप ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत और अफ्रीका के बीच द्विपक्षीय व्यापार 93.6 अरब डॉलर तक पहुंच गया। ऐसे में दोनों क्षेत्रों के आर्थिक संबंध महत्वपूर्ण स्तर पर हैं।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘भारत-अफ्रीका के बीच व्यापक व्यापार व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने की जरूरत है। अधिक व्यापक और भरोसेमंद व्यापार ढांचा इस साझेदारी को अधिक गति दे सकता है।’’
स्वरूप ने कहा कि दोनों पक्षों को मौजूदा आर्थिक पूरकताओं के आधार पर व्यापक व्यापार व्यवस्था विकसित करने की संभावनाएं तलाशनी चाहिए। इससे बाजार तक पहुंच आसान होगी, निवेश प्रवाह को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्रीय एवं द्विपक्षीय मूल्य श्रृंखलाएं मजबूत होंगी।
भारत का अफ्रीका को निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 में 6.23 प्रतिशत बढ़कर 45.4 अरब डॉलर हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 42.7 अरब डॉलर था।