सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में पुलिस के सामने पेश हुए अभिषेक बनर्जी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-11-2026
Abhishek Banerjee appears before police in connection with social media post
Abhishek Banerjee appears before police in connection with social media post

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और गुजराती समुदाय को कथित तौर पर निशाना बनाने वाले सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में पूछताछ के लिए शनिवार को यहां भवानीपुर थाने में पुलिस के सामने पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
 
अधिकारी ने बताया कि डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी मामले में पूछताछ के लिए जारी नोटिस के जवाब में निर्धारित समय अपराह्न साढ़े 12 बजे से पहले ही थाने पहुंच गए।
 
भवानीपुर निवासी अर्नब कांति दास ने दो मई को बनर्जी के सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक पोस्ट को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर 27 मई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
 
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता ने कुमार को ‘‘बंगाल विरोधी गुजराती गिरोह की कठपुतली’’ बताया था। उन्होंने बनर्जी पर ऐसी टिप्पणियां करने का आरोप लगाया, जिनसे नफरत फैल सकती है और एक विशेष समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंच सकती है।
 
दास ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि बनर्जी की टिप्पणियां गैरजिम्मेदाराना थीं और उनसे सांप्रदायिक सद्भाव एवं राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंच सकता था।
 
उन्होंने यह भी कहा कि पूरे गुजराती समुदाय को ‘‘गिरोह’’ या आपराधिक समूह बताना इस समुदाय का अपमान है और इससे देश की बहुलतावादी संस्कृति एवं सामाजिक एकजुटता कमजोर होने की आशंका है।
 
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने, सार्वजनिक उपद्रव को बढ़ावा देने वाले बयान देने, हिंसा भड़काने और सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने से संबंधित धाराएं शामिल हैं।