आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत ने पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष को ‘बेहद चिंताजनक’ करार दिया और नागरिक बुनियादी ढांचे, खासकर सऊदी अरब के हवाई अड्डों, वाणिज्यिक जहाजों और भारतीय नाविकों पर बार-बार किए जा रहे हमलों की कड़ी निंदा की।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि हरीश पर्वतनेनी ने बृहस्पतिवार को पश्चिम एशिया की स्थिति पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बहस में कहा, ‘‘पश्चिम एशिया की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता में भारत के बहुत बड़े हित जुड़े हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया के लोगों को सामान्य हालात और स्थायी शांति की जरूरत है। शांति का मतलब केवल युद्ध का न होना नहीं है। क्षेत्र की स्थिरता और लोगों की सुरक्षा मजबूत करना बेहद जरूरी है। भारत उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे दुनिया अधिक सुरक्षित, स्थिर और समृद्ध बन सके। हमारे सभी कदम इसी सोच के अनुरूप होंगे।’’
पर्वतनेनी ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ता संघर्ष ‘‘बेहद चिंताजनक’’ है। उन्होंने कहा कि भारत ने ऐसे हालात में संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की है।
उन्होंने पिछले कुछ दिनों में नागरिक बुनियादी ढांचे, खासकर सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर बार-बार किए गए हमलों की कड़ी निंदा की। इन हमलों में भारतीय नागरिक मोहम्मद यूसुफ अली समेत कई लोगों की जान गई है। अली की मौत रियाद में हुई।