Enrolment in Delhi schools increasing, but number of school buildings is low: Report
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि राष्ट्रीय राजधानी में 5,556 स्कूलों में 44.9 लाख से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं, तथा नामांकन बढ़ता जा रहा है लेकिन स्कूलों के भवनों की संख्या कम है।
रिपोर्ट के अनुसार प्रति स्कूल औसतन 808 छात्रों का नामांकन है, जबकि छात्र संख्या में वृद्धि की तुलना में स्कूल भवनों की संख्या नहीं बढ़ी है।
स्कूलों में कुल 1,61,958 शिक्षक तैनात हैं, जिससे छात्र-शिक्षक अनुपात 28:1 है। इससे संकेत मिलता है कि शिक्षकों की संख्या भी लगभग स्थिर है।
‘यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इंफॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस’ (यूडीआईएसई+) 2024-25 की रिपोर्ट के अनुसार स्कूलों की संख्या की तुलना में नामांकन का अनुपात दिल्ली में सबसे अधिक है, जो भीड़ और मौजूदा सुविधाओं पर बढ़ते बोझ की ओर इशारा करता है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली सरकार ने 2026-27 में राजधानी में करीब 50 नए स्कूल भवन और 8,000 अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण का लक्ष्य रखा है।
फिलहाल कुल 5,556 स्कूलों में से 2,681 सरकारी संस्थान हैं, जिससे स्पष्ट है कि बड़ी संख्या में छात्र सार्वजनिक ढांचे पर निर्भर हैं। आंकड़ों के अनुसार 2,528 स्कूल आधारभूत और प्रारंभिक स्तर के, 803 मध्य स्तर के तथा 2,225 माध्यमिक स्तर के हैं।
स्कूलों में आधारभूत और प्रारंभिक स्तर पर 26,560 शिक्षक, मध्य स्तर पर 11,564 और माध्यमिक स्तर पर 1,23,834 शिक्षक हैं। छात्र-शिक्षक अनुपात आधारभूत स्तर पर 14:1, प्रारंभिक स्तर पर 18:1, मध्य स्तर पर 28:1 और माध्यमिक स्तर पर 19:1 है।