एसडीपीआई की महिला शाखा ने ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणियों के लिए अन्नाद्रमुक नेताओं की निंदा की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-03-2026
SDPI women's wing condemns AIADMK leaders for 'objectionable' remarks
SDPI women's wing condemns AIADMK leaders for 'objectionable' remarks

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) की महिला शाखा ने ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के वरिष्ठ नेताओं सी. वी. षणमुगम और डी. सी. श्रीनिवासन की महिलाओं के प्रति कथित अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियों की शुक्रवार को कड़ी निंदा की और उनसे तत्काल व बिना शर्त माफी की मांग की।
 
एसडीपीआई की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष के. फातिमा गनी ने यहां जारी बयान में कहा कि सांसद तथा पूर्व मंत्री जैसे उच्च पदों पर आसीन व्यक्तियों द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया जाना अत्यंत निंदनीय है।
 
हाल में हुए एक विरोध प्रदर्शन के दौरान षणमुगम ने सरकार की एक पहल का मजाक उड़ाते हुए एक प्रमुख दक्षिण भारतीय अभिनेत्री के संदर्भ में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की और पूछा कि क्या मुख्यमंत्री उनसे विवाह करने का अपना “सपना पूरा करेंगे”।
 
वहीं, अन्नाद्रमुक के कोषाध्यक्ष श्रीनिवासन को दिंडुक्कल में समानांतर रूप से आयोजित एक अन्य प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से असंवेदनशील टिप्पणी करने पर आलोचना का सामना करना पड़ा।
 
गनी ने कहा कि सार्वजनिक मंच से बोलते समय शालीनता बनाए रखना और महिलाओं की गरिमा की रक्षा करना नेताओं की मूल जिम्मेदारी है।
 
उन्होंने कहा, “महिलाओं के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणियां समाज में खतरनाक उदाहरण पेश करती हैं। किसी महिला को केवल इसलिए अपमानित करना कि वह एक अभिनेत्री है, पूरी तरह अस्वीकार्य है और इससे सभी महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा प्रभावित होती है।”