आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल में दिवाला प्रक्रिया से गुजरने वाली कोलकाता की इंजीनियरिंग कंपनी ‘मैकनैली भारत इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड’ (एमबीईसीएल) के खिलाफ विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत की जा रही जांच के सिलसिले में बुधवार को तीन राज्यों में तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कोलकाता, दिल्ली और बेंगलुरु में करीब 16-17 परिसरों की तलाशी ली जा रही है। ये परिसर एमबीईसीएल और कंपनी के अधिग्रहण से जुड़े लोगों तथा संस्थाओं से संबंधित हैं।
अधिकारियों के अनुसार, तलाशी की कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम के तहत शुरू की गई है।
कंपनी हाल में राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) के माध्यम से कॉरपोरेट दिवाला समाधान प्रक्रिया (सीआईआरपी) से गुजरी थी और बीटीएल ईपीसी कंपनी की समाधान योजना को मंजूरी दी गई थी।
जिन संस्थाओं और लोगों के परिसरों पर तलाशी ली जा रही है, उनकी ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।