नई दिल्ली
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को भारतीय सशस्त्र बलों से अपनी आक्रामक और रक्षात्मक क्षमताओं को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं को ऐसी क्षमता विकसित करनी होगी, जिससे दुश्मन को प्रतिक्रिया देने या संभलने का अवसर न मिले। साथ ही, देश की सेनाएं दुश्मन की किसी भी अप्रत्याशित कार्रवाई का जवाब देने के लिए हमेशा तैयार रहें।
नई दिल्ली में आयोजित वायु सेना कमांडरों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने खुफिया और निगरानी तंत्र को मजबूत बनाने, विभिन्न प्रणालियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा संभावित खतरों की समय रहते पहचान करने पर जोर दिया।
रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राजनाथ सिंह ने कहा कि तेजी से बदलती तकनीक और आधुनिक युद्ध की बदलती प्रकृति के बीच पारंपरिक और उभरते खतरों से निपटने के लिए सेनाओं को अपनी परिचालन तैयारियों को लगातार मजबूत करना होगा।
उन्होंने कहा, “हमारी सेनाओं को ऐसी क्षमताएं और तरीके विकसित करने होंगे, जिनसे दुश्मन को प्रतिक्रिया देने या दोबारा संभलने का समय न मिले। इसके साथ ही हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि दुश्मन की किसी अप्रत्याशित कार्रवाई से हम कभी हैरान न हों।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि युद्ध में अचानक हमला करने की रणनीति पारंपरिक और इलेक्ट्रॉनिक, दोनों रूपों में सामने आ सकती है। इसलिए खुफिया और निगरानी तंत्र को और मजबूत करने के साथ सैन्यकर्मियों को सतर्क, चुस्त और हर चुनौती का प्रभावी जवाब देने में सक्षम बनाना जरूरी है।
आधुनिक युद्ध में ड्रोन और तकनीक की बढ़ती भूमिका
राजनाथ सिंह ने कहा कि मौजूदा समय में युद्ध केवल पारंपरिक युद्धक्षेत्रों तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि मिसाइल, ड्रोन और उन्नत हथियार प्रणालियां भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास संघर्षों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने आधुनिक युद्ध में ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियों के महत्व को स्पष्ट किया है।
उन्होंने वायु सेना के कमांडरों से कामिकेज ड्रोन, निगरानी और ड्रोन रोधी अभियानों जैसी उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार रहने का आग्रह किया।
रक्षा मंत्री ने भारतीय वायु सेना से इलेक्ट्रॉनिक, साइबर और अंतरिक्ष जैसे नए युद्ध क्षेत्रों के लिए विशेष सिद्धांत और व्यवस्थाएं विकसित करने को कहा। उन्होंने कहा कि भविष्य के संघर्षों में जीत केवल विमानों की संख्या पर निर्भर नहीं करेगी, बल्कि तकनीकी दक्षता, प्रतिक्रिया की गति और सटीक तैयारी भी निर्णायक साबित होगी।
ऑपरेशन सिंदूर के अनुभवों का उल्लेख
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बल संगठनात्मक ढांचे, संयुक्त कार्यप्रणाली, एकीकरण और परिचालन रणनीतियों सहित कई क्षेत्रों में बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं। बदलते सुरक्षा माहौल में लगातार सुधार और भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप तैयारी जरूरी है।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान और उसके बाद भारतीय वायु सेना की भूमिका की सराहना की। उन्होंने अभियान को अंजाम देने में वायु योद्धाओं के पेशेवर रवैये, संयम और विवेक की प्रशंसा की।
रक्षा मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान मिले अनुभव भारतीय वायु सेना की बदलती परिचालन प्रक्रियाओं में दिखाई दे रहे हैं। विशेष रूप से ड्रोन और वायु रक्षा प्रणालियों पर बढ़ता ध्यान राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तीनों सेनाओं के बीच दिखाई दिए तालमेल और सहयोग की भी सराहना की। साथ ही कहा कि सैन्य योजना और अभियानों के संचालन में संयुक्त कार्यप्रणाली और एकीकृत प्रयासों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
अग्निवीरों के दूसरे टूर ऑफ ड्यूटी पर भी चर्चा
राजनाथ सिंह ने तेजी से बदलती तकनीकी जरूरतों के अनुरूप वायु सेना के जवानों के प्रशिक्षण को लगातार बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा भर्ती कर्मियों के तकनीकी ज्ञान और विशेषज्ञता का उपयोग बेहतर निर्णय लेने तथा संगठनात्मक विकास में किया जा सकता है।
अग्निवीरों के दूसरे टूर ऑफ ड्यूटी के संबंध में उन्होंने बताया कि यह फैसला सशस्त्र बलों से प्राप्त सुझावों और फीडबैक के आधार पर लिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह पहल तीनों सेनाओं की क्षमताओं को और मजबूत करने में योगदान देगी।
वायु सेना ने लॉन्च किए एआई एप्लिकेशन
सम्मेलन के दौरान रक्षा मंत्री ने भारतीय वायु सेना के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से विकसित कई एआई एप्लिकेशन लॉन्च किए। ये एप्लिकेशन यूनिट फॉर डिजिटाइजेशन, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड एप्लिकेशन नेटवर्किंग (UDAAN) के तहत तैयार किए गए हैं।
इनका इस्तेमाल परिचालन, प्रशासन और एयरोस्पेस सुरक्षा से जुड़े कार्यों को स्वचालित बनाने और उनकी प्रक्रिया तेज करने के लिए किया जाएगा। ये एप्लिकेशन वायु सेना के सुरक्षित नेटवर्क पर संचालित होंगे। इसे तकनीक आधारित बदलाव और परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दो दिवसीय सम्मेलन का विषय ‘सशक्तिकरण का वर्ष: विकेंद्रीकरण के माध्यम से अधिकतम दक्षता’ है। इसमें वायु सेना का वरिष्ठ नेतृत्व परिचालन, रखरखाव और प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श कर रहा है।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार और रक्षा वित्त सचिव विश्वजीत सहाय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।