Diwali Celebration in New York, Times Square Celebrates Indian Culture and Cuisine
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
न्यूयॉर्क शहर में दीपावली का उत्साह छाया हुआ है। टाइम्स स्क्वायर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर भारतीय व्यंजनों की विविधता प्रदर्शित करने वाले आयोजनों तक, कई कार्यक्रमों के जरिये विभिन्न समुदायों के लोग रोशनी का त्योहार मना रहे हैं।
भारतीय और दक्षिण एशियाई मूल के हजारों लोग रविवार को यहां प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर पर दिनभर चले सांस्कृतिक समारोह में शामिल हुए।
‘दीपावली एट टाइम्स स्क्वायर’ के 2026 संस्करण में भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में ‘दीपावली बाजार’, दीये जलाने का समारोह, वन टाइम्स स्क्वायर बॉल ड्रॉप टावर पर दीपावली की उलटी गिनती का डिजिटल आयोजन और ‘लाइट अप टाइम्स स्क्वायर कॉन्सर्ट’ का लोगों ने खूब आनंद लिया।
संगीत कार्यक्रम में अमेरिकी रैपर एवं गीतकार राजा कुमारी, गायिका कनिका कपूर और अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
दीपावली के मद्देनजर शहर में ऐसे कई आयोजन हो रहे हैं, जिनमें भारत की सांस्कृतिक और पाककला संबंधी विविधता को प्रदर्शित किया जा रहा है।
‘द पियरे, ए ताज होटल’ ने भी दीपावली समारोह आयोजित किया, जिसमें भारतीय-अमेरिकी समुदाय और वैश्विक समुदाय की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया।
होटल ने न्यूयॉर्क के तीन लोकप्रिय रेस्तरां ‘चट्टी’, ‘जुनून’ और ‘मुसाफिर’ के साथ मिलकर ‘भारत की पाक यात्रा’ नाम से विशेष आयोजन किया। इसके तहत मेहमानों को देश के विभिन्न हिस्सों के क्षेत्रीय व्यंजनों और स्वादों का अनुभव करने का अवसर मिला।
न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्यदूत बिनय प्रधान भी टाइम्स स्क्वायर पर आयोजित समारोह में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों और अमेरिकी नागरिकों के साथ शामिल हुए।