दिल्ली में कड़ाके की सर्दी के साथ नववर्ष का स्वागत, हो सकती है हल्की बारिश

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-01-2026
Delhi welcomes New Year with bitter cold, light rain likely
Delhi welcomes New Year with bitter cold, light rain likely

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को नए साल की शुरुआत सर्द और बादलों से घिरे मौसम के साथ हुई। न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बृहस्पतिवार तड़के पालम में हल्की बारिश दर्ज की गई।
 
आईएमडी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, न्यूनतम तापमान पालम में नौ डिग्री, रिज में 9.9 डिग्री, लोधी रोड में 10 डिग्री, आयानगर में 10.3 डिग्री और सफदरजंग में 10.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
दिल्ली ने 2025 का अंत कड़ाके की ठंड के साथ किया। बुधवार को अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले छह वर्षों में दिसंबर का सबसे ठंडा दिन रहा।
 
बुधवार को अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 6.2 डिग्री कम और इस मौसम का सबसे कम स्तर है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री कम 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
 
आईएमडी के अनुसार, न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना के कारण तीन जनवरी से ठंड बढ़ सकती है। हिमालयी क्षेत्र से ठंडी हवाओं के राष्ट्रीय राजधानी की ओर बढ़ने की आशंका जताई गई है।
 
इसने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी में हल्की धुंध छाई रही। पालम और सफदरजंग में सुबह करीब साढ़े सात बजे दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।