आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली
दिल्ली यूनिवर्सिटी के शिवाजी कॉलेज में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर देवस्मिता पॉल की गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव स्थित उनके फ्लैट में हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 2:35 बजे मृतका की बहन देवरति पॉल ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी बहन का शव फ्लैट के अंदर पड़ा है। उन्होंने बताया कि सुबह से कई बार फोन करने के बावजूद देवस्मिता से संपर्क नहीं हो पा रहा था। आशंका होने पर वह फ्लैट पहुंचीं, जहां बाहर से ताला लगा हुआ था। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर उन्होंने अपनी बहन को मृत अवस्था में पाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अपराध शाखा और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया गया है।
पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले में न्यू अशोक नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। जांच के तहत मृतका की हालिया गतिविधियों, संपर्कों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है। मामले की जांच जारी है।