दिल्ली पुलिस ने कांवड़ यात्रा से पहले राजधानी में सुरक्षा बढ़ाई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-07-2026
Delhi Police beefs up security in the capital ahead of Kanwar Yatra
Delhi Police beefs up security in the capital ahead of Kanwar Yatra

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दिल्ली पुलिस ने वार्षिक कांवड़ यात्रा से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और कांवड़ियों की शांतिपूर्ण आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर भर में सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। उन इलाकों में जहां से कांवड़िए राजधानी में प्रवेश करते हैं जैसे उत्तर, उत्तर पूर्वी, मध्य, बाहरी उत्तरी, बाहरी, रोहिणी, द्वारका, पश्चिम, दक्षिण पश्चिम, दक्षिण और कई अन्य पुलिस ज़िलों में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
 
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अहम जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल, त्वारित प्रतिक्रिया दल (क्यूटीआर), पीसीआर वैन तैनात की गई हैं और नाके लगाए गए हैं। साथ ही, कांवड़ यात्रा के रास्तों पर शिविर भी स्थापित किए गए हैं ताकि ज़रूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके।
 
अधिकारी ने कहा, "उत्तरपूर्वी दिल्ली में सात प्रमुख प्रवेश बिंदु हैं, जहां से कावंड़िए शहर में प्रवेश करते हैं। ये मार्ग कई अन्य जिलों से भी जुड़ते हैं, जो उन्हें सुरक्षा और यातायात प्रबंधन दोनों दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बनाते हैं। इन सभी स्थानों पर पर्याप्त तैनाती की गई है।"
 
अधिकारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बैठकें भी की हैं।
 
अधिकारी ने कहा, "हमारी टीमें खुद को अधिकार क्षेत्र के मुद्दों तक सीमित नहीं रखेंगी। यदि मार्ग में कहीं भी सहायता की आवश्यकता होगी, तो पुलिस कर्मी तुरंत प्रतिक्रिया देंगे और संबंधित जिले के साथ समन्वय करेंगे।"
 
पुलिस के अनुसार, कांवड़ यात्रियों को कम से कम असुविधा हो इसके लिए व्यापक यातायात प्रबंधन योजनाएं भी तैयार की गई हैं। प्रमुख चौराहों पर यातायात कर्मियों को तैनात किया गया है, और ‍वाहन चालकों को यातायात परामर्श का पालन करने और जहां भी आवश्यक हो, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
 
दिल्ली यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बुधवार को गाजीपुर के ‘टेल्को पॉइंट’ और शाहदरा जिले के चिंतामणि चौक पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन उपायों की समीक्षा की और जमीन पर तैनात पुलिस कर्मियों के साथ बातचीत की।
 
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राजधानी भर के अग्निशमन केंद्रों को भी चौकस रहने का निर्देश दिया गया है।