Delhi government agencies on alert, waterlogging situation under control: Officials
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पिछले 24 घंटों में राष्ट्रीय राजधानी में भारी वर्षा होने के बाद जलभराव को रोकने के लिए, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली सरकार की एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, शहर में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में 72.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
अधिकारियों ने बताया कि शहर की सभी मुख्य सड़कों पर जलभराव की स्थिति नियंत्रण में है तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्लयूडी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की टीम तैनात हैं।
बारिश के बाद विकास मार्ग, पूर्वी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन, मुनिरका, सदर बाज़ार और द्वारका समेत दिल्ली के कई हिस्सों में जलभराव देखा गया।
दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे पर जलभराव के कारण यातायात बहुत धीमा रहा। कई यात्रियों और स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर अपनी परेशानियां साझा कीं।
मौसम विशेषज्ञों ने पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश का कारण मॉनसून का मध्य भारत से उत्तर की ओर हिमालय की तलहटी की तरफ़ जाना बताया है।