आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में सोमवार को सुबह गर्मी रही और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.2 डिग्री अधिक है।
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से दो डिग्री अधिक है।
अन्य मौसम केंद्रों में रिज में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है। वहीं, आयानगर में यह 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है।
पिछले 24 घंटों में दिल्ली में हल्की बारिश भी हुई; सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग और पालम में बहुत कम बारिश हुई वहीं, लोधी रोड पर 0.4 मिलीमीटर, रिज पर 3.0 मिलीमीटर और आयानगर में 6.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में रही और औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 75 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।