डकार यूथ ओलंपिक: भारत के पदकों की संख्या 10 होने की उम्मीद

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 12-11-2026
Dakar Youth Olympics: Lairenlakpam and Gunjan reach boxing finals; India's medal tally expected to reach 10
Dakar Youth Olympics: Lairenlakpam and Gunjan reach boxing finals; India's medal tally expected to reach 10

 

डकार (सेनेगल)।

डकार यूथ ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय मुक्केबाज लैरेनलाकपम अंबेकर मीतेई और गुंजन ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर पुरुष और महिला वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। इन दोनों खिलाड़ियों के फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत के कम से कम 10 पदक जीतने की उम्मीद बढ़ गई है।

भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अनुसार, लैरेनलाकपम ने कोलंबिया के इज्जोन जेफरी गेलिया अरेवालो को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, महिला वर्ग में गुंजन ने ग्रेट ब्रिटेन की लिली बैसेट को 4-1 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

यूथ ओलंपिक के मौजूदा संस्करण में भारत अब तक आठ पदक जीत चुका है। इनमें तीन रजत और पांच कांस्य पदक शामिल हैं। मुक्केबाजी के दोनों खिलाड़ियों के फाइनल में पहुंचने से भारत की पदक तालिका में और इजाफा होना लगभग तय माना जा रहा है।

इससे पहले भारतीय एथलीट शौर्या अंबुरे ने रविवार को महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीता था। उन्होंने कॉम्प्लेक्स इबा मार डियोप में नौ खिलाड़ियों के बीच 13.59 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके साथ ही वह यूथ ओलंपिक में एथलेटिक्स पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं। यूथ ओलंपिक के इतिहास में एथलेटिक्स में भारत का यह पांचवां पदक भी था।

भारतीय पहलवान तान्या ने भी 75 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर युवा कुश्ती में देश को पहला पदक दिलाया। फाइनल में उन्हें चीन की मिन झाओ से 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। मिन झाओ 2025 में 69 किलोग्राम वर्ग की अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियन रह चुकी हैं। इससे पहले तान्या ने सेमीफाइनल में अमेरिका की मटिल्डा ह्रुबी को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

भारत को जूडो और बैडमिंटन में भी रजत पदक मिले। खुशबू राजकभाई दरजादा ने महिलाओं के 63 किलोग्राम जूडो वर्ग में, जबकि तन्वी पत्री ने बैडमिंटन में रजत पदक अपने नाम किया।

तैराकी में धिनिधि देसिंघु ने महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही वह एक ही यूथ ओलंपिक में एक से अधिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं। तीर्थंक पेगू ने पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। वह यूथ ओलंपिक में तैराकी का पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष तैराक बने।

वुशु में राजकुमारी लानचेनबी चानू ने महिलाओं की चांगछुआन संयुक्त स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में एक और इजाफा किया।

गौरतलब है कि यूथ ओलंपिक में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2018 में अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में रहा था। उस संस्करण में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 13 पदक जीते थे, जिनमें तीन स्वर्ण, नौ रजत और एक कांस्य पदक शामिल था।