आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
साइप्रस के एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की और आतंकवाद के प्रति भारत के ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ के रुख का समर्थन किया।
लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, साइप्रस के इस प्रतिनिधिमंडन ने संसद भवन में बिरला से मुलाकात की।
साइप्रस की प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष अनीता दिमेत्रियु इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, बिरला ने कहा कि भारत और साइप्रस जीवंत और विकसित संसदीय लोकतंत्र की विरासत साझा करते हैं, जो परस्पर सहयोग के लिए एक मजबूत नींव बनाती है।
इसमें कहा गया है, ‘‘साइप्रस प्रतिनिधिमंडल ने वैश्विक मंच पर भारत के मार्गदर्शन और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया तथा आतंकवाद के प्रति 'कतई बर्दाश्त नहीं करने' के भारत के रुख का पूरी तरह से समर्थन किया। उन्होंने साइप्रस में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने में भारत और यूरोप की महत्वपूर्ण साझा भूमिका पर भी प्रकाश डाला।’’