केरल में भाकपा विपक्ष के उपनेता पद की मांग पर कायम: राजन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-07-2026
CPI stands firm on demand for deputy leader of opposition post in Kerala: Rajan
CPI stands firm on demand for deputy leader of opposition post in Kerala: Rajan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के विधायक के. राजन ने शनिवार को कहा कि पार्टी केरल विधानसभा में विपक्ष के उपनेता पद की अपनी मांग पर अब भी कायम है।
 
हालांकि, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन ने कहा कि यह मुद्दा अब पुराना हो चुका है।
 
माकपा के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) के दूसरे सबसे बड़े घटक दल भाकपा ने हाल के चुनाव के पश्चात नया विधानसभा सत्र शुरू होने के बाद से ही इस पद के लिए दबाव बनाना जारी रखा है।
 
पूर्व मंत्री राजन ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इस मुद्दे पर पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है।
 
राजन ने कहा, ‘‘हो सकता है कि आपने इस पद के लिए मेरे नाम की चर्चा न सुनी हो। लेकिन पार्टी ने इस पद की मांग उठाई है। पार्टी सचिव ने हमारा रुख स्पष्ट कर दिया है और हम अब भी उस पर कायम हैं।’’
 
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन वर्तमान में केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं।
 
कन्नूर में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाकपा की इस मांग पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विजयन ने कहा, ‘‘यह मुद्दा अब पुराना हो चुका है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह बीती बात है। यह ऐसा विषय नहीं है जिस पर अब विचार करने की आवश्यकता हो।’’
 
विजयन ने कहा कि भाकपा ने इस मामले पर अपनी राय व्यक्त की थी और उन्होंने भी इस विषय पर अपना दृष्टिकोण स्पष्ट कर दिया था।