पश्चिम एशिया संकट के बीच देश को सतर्क रहना चाहिए : नागर विमानन मंत्री नायडू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 20-05-2026
Country must remain vigilant amid West Asia crisis: Civil Aviation Minister Naidu
Country must remain vigilant amid West Asia crisis: Civil Aviation Minister Naidu

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने बुधवार को आगाह किया कि देश को पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के किसी भी संभावित दुष्परिणाम से निपटने के लिए सतर्क और तैयार रहना चाहिए, हालांकि ‘‘फिलहाल भारत के लिए स्थिति चिंताजनक नहीं है।’’
 
नायडू ने रांची की अपनी पहली यात्रा के दौरान कहा कि नागरिकों और देश पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए नागर विमानन सहित हर क्षेत्र को सक्रिय रूप से योजना बनानी चाहिए।
 
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘फिलहाल हालात भारत के लिए चिंताजनक नहीं हैं लेकिन इसके बावजूद हमें सतर्क रहने की जरूरत है। नागर विमानन सहित हर क्षेत्र को इस संकट के संभावित प्रभावों का आकलन कर उससे निपटने के लिए अल्पकालिक, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक रणनीतियां तैयार करनी चाहिए।’’
 
वैश्विक अनिश्चितता के बीच यात्रा लागत में वृद्धि को लेकर चिंताओं पर नायडू ने कहा कि केंद्र ने घरेलू यात्रियों को किसी भी तरह के बोझ से बचाने के लिए पहले ही उपाय शुरू कर दिए हैं।
 
उन्होंने कहा कि सरकार ने हवाई अड्डों पर ‘लैंडिंग’ और ‘पार्किंग’ शुल्क के साथ-साथ विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में भी कमी की है ताकि किराए को स्थिर किया जा सके और विमानन क्षेत्र को सहयोग दिया जा सके।