Congress MP Kuriakose criticises Tamil Nadu government's stand on Mullaperiyar Dam
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस नेता एवं सांसद डीन कुरियाकोस ने मुल्लापेरियार के पास नया बांध नहीं बनने देने और मौजूदा बांध का जलस्तर बढ़ाने संबंधी तमिलनाडु की नयी सरकार के रुख की शनिवार को निंदा की।
इडुक्की लोकसभा क्षेत्र से सांसद कुरियाकोस ने कहा कि मुल्लापेरियार मुद्दे पर केरल का रुख हमेशा अपने लिए सुरक्षा और तमिलनाडु के लिए पानी का रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, तमिलनाडु की नयी सरकार ने अपने हालिया नीतिगत अभिभाषण में स्पष्ट रूप से कहा है कि वह केरल को नया बांध नहीं बनाने देगी और मौजूदा बांध का जलस्तर बढ़ाएगी। यह रुख निंदनीय है।’’
तमिलनाडु सरकार ने बृहस्पतिवार को अपने नीतिगत अभिभाषण में मुल्लापेरियार मुद्दे पर कहा था कि केरल को नया बांध बनाने से रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
तमिलनाडु सरकार ने यह भी कहा था कि मुल्लापेरियार बांध क्षेत्र में मरम्मत का काम कराने और बांध का जलस्तर बढ़ाने के लिए समन्वित कार्रवाई की जाएगी।