Congress did not harness the energy of the sun in its attempt to promote 'Sun': Union Minister Joshi
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को कांग्रेस पर प्रहाल करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के समय यह पार्टी ‘सन (पुत्र) स्ट्रोक’ से जूझ रही थी और इस कारण से उसने ‘सन’ (सूर्य) की ऊर्जा का उचित दोहन नहीं किया।
जोशी ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ के पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए यह बात कही।
महाराष्ट्र में सौर ऊर्जा परियोजनाओं से संबंधित पूरक प्रश्न के जवाब में मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में अक्षय ऊर्जा उत्पादन बढ़ा है और 10,000 से अधिक किलोमीटर ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर में लाइन बिछाई गई है।
उन्होंने कहा कि कॉरिडोर-दो पर काम चल रहा है तथा इसके बाद कॉरिडोर तीन भी लाया जाएगा।
जोशी ने कहा कि दुनिया में पहली बार भारत ने ही ‘वन सन, वन वर्ल्ड, वन ग्रिड’ की अवधारण दी है।
कांग्रेस और पिछली संप्रग सरकारों को आड़े हाथ लेते हुए उन्होंने परोक्ष रूप से नेता प्रतिपक्ष और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि ‘‘वे ‘सन (पुत्र) स्ट्रोक से जूझ रहे थे और उन्होंने एक ‘सन’ (पुत्र) को बढ़ावा देने के प्रयास में सूर्य की ऊर्जा का दोहन नहीं किया।’’
जोशी के इस बयान पर कांग्रेस के सदस्यों ने आपत्ति जताई।
जोशी ने राज्यों में बिजली की कमी संबंधी चिंताओं को खारिज करते हुए यह भी कहा, ‘‘किसी प्रदेश में बिजली की कमी नहीं है। आज देश में 500 गीगावाट से अधिक बिजली उत्पादन हो रहा है जो इनके (कांग्रेस के) समय उत्पादन 250 गीगावाट ही था।’’