Commuters face inconvenience as 16 Delhi Metro stations remain shut amid CJP protests
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली में बुधवार को कॉजपा के विरोध प्रदर्शन के बीच सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) द्वारा 16 मेट्रो स्टेशनों को बंद किए जाने की वजह से सुबह के व्यस्त समय में हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कार्यालयों को जाने वाले कई यात्रियों को बीच रास्ते में अपना मार्ग बदलना पड़ा, कुछ को अपरिचित स्टेशनों पर उतरना पड़ा और वैकल्पिक परिवहन के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
डीएमआरसी ने बुधवार सुबह लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंबा रोड, उच्चतम न्यायालय, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
डीएमआरसी का यह कदम जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के जारी विरोध प्रदर्शन के बीच उठाया गया है।
इससे पहले सोमवार को भी इसी तरह मेट्रो सेवाएं प्रभावित हुई थीं।
यात्रियों ने बताया कि कई मार्गों पर मेट्रो सेवाएं जारी थीं, लेकिन ट्रेनें बंद किए गए स्टेशनों पर नहीं रुक रही थीं। इसके कारण यात्रियों के पास आगे जाने और फिर सड़क मार्ग से वापस लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
केंद्रीय सचिवालय से होकर यात्रा कर रही वृंदा नामक एक यात्री ने बताया कि प्रदर्शनकारी स्टेशन परिसर के पास जमा हो गए थे, जिससे यात्रियों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।