भारत में चिप डिजाइन टीम का विस्तार करेगी सिस्को: सीईओ रॉबिन्स

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-10-2026
Cisco to expand chip design team in India: CEO Robbins
Cisco to expand chip design team in India: CEO Robbins

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिका की सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी सिस्को के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) चक रॉबिन्स ने बुधवार को कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने वाली रणनीति काम कर रही है, जो देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों से नजर आता है।

उन्होंने भारत को कंपनी के लिए एक रणनीतिक बाजार बताया और कहा कि देश का व्यापक आकार, महत्वाकांक्षा, इंजीनियरिंग पर जोर और विनिर्माण क्षमता इसे खास बनाते हैं।
 
रॉबिन्स ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा कि सिस्को भारत में अपने चिप डिजाइन दल का विस्तार करने की योजना बना रही है। उन्होंने विनिर्माण के क्षेत्र में कंपनी की प्रगति को भी ‘‘महत्वपूर्ण’’ करार दिया।
 
उन्होंने साथ ही कहा कि यूरोप और कनाडा में अपनी ‘‘संप्रभु महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी’’ सेवाएं शुरू करने के बाद सिस्को आने वाले कुछ महीनों में इन्हें भारत में भी पेश करेगी।
 
रॉबिन्स ने कहा, ‘‘हमारे लिए सबसे बड़ा अवसर यहां अपने चिप डिजाइन दल का विस्तार करना है। फिलहाल हमारे पास इजराइल में काफी संसाधन हैं और अमेरिका में भी बड़ा दल है। भारत में इस दल का हिस्सा बनने वाला एक छोटा समूह है और हमें यहां विस्तार की बड़ी संभावना दिखती है। आगे बढ़ते हुए हम इस क्षेत्र पर खास ध्यान दे रहे हैं।’’
 
यह पूछे जाने पर कि क्या कंपनी हाल में शुरू की गई ‘सेमीकंडक्टर 2.0’ पहल का लाभ उठाएगी, रॉबिन्स ने कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और कंपनी के पास कामकाज का जरूरी ढांचा भी है।