आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कथित टिप्पणी की बुधवार को आलोचना की और उनसे राष्ट्रपति व देश से माफी मांगने को कहा।
बनर्जी को मंगलवार को लिखे एक पत्र में साय ने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और आपसी सम्मान की संस्कृति की हमेशा सराहना की गई है और इसे बनाए रखा जाना चाहिए।
साय ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस पत्र की प्रति भी साझा की जिसमें लिखा, ‘‘आपको दूसरी बार बड़े ही दुखी मन से यह पत्र लिख रहा हूं। आशा है कि आप संज्ञान लेंगी। भारत की लोकतांत्रिक परंपराएं और शिष्टाचार हमेशा से प्रशंसित रहे हैं। यहां मतभेद को कभी भी मनभेद नहीं बनाया गया। हमें इसे अक्षुण्ण रखना चाहिए।’’
पत्र में लिखा, ‘‘जनजातीय समाज से आने वाली भारत की महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ पिछले दिनों आपके द्वारा किया गया अपमान इन परंपराओं को तिलांजलि देने जैसा प्रतीत हुआ है, जिससे मुझे दुख हुआ है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से ठीक पहले किया गया यह व्यवहार अक्षम्य है। विशेषकर आप स्वयं महिला हैं और इसके बावजूद ऐसा किया जाना अत्यंत पीड़ादायक है।’’