आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा का मानना है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार से शुरू होने वाली वनडे श्रृंखला 2-2 से बराबरी पर समाप्त होगी, क्योंकि उन्हें लगता है कि हाल में किए गए कुछ बदलावों के कारण मेहमान टीम को थोड़ा नुकसान होगा।
पुजारा को यह भी लगता है कि पांच मैचों की श्रृंखला का कम से कम एक मैच बारिश के कारण रद्द हो सकता है। भारत को आखिरी दो वनडे मैचों में नियमित कप्तान शुभमन गिल और उप कप्तान केएल राहुल के बिना खेलना होगा, क्योंकि वे 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला की तैयारी शुरू करेंगे। वनडे श्रृंखला 15 नवंबर को समाप्त होगी।
पुजारा ने ‘जियोस्टार’ से कहा, ‘‘श्रृंखला का परिणाम 2-2 से बराबर रह सकता है। पहले तीन मैचों में एक ही भारतीय टीम खेल रही है लेकिन अंतिम दो वनडे में अलग टीम होगी। इसलिए मुझे लगता है कि इससे न्यूजीलैंड को थोड़ा फायदा होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पहले तीन मैचों में मैं भारतीय टीम का पलड़ा भारी रह सकता है लेकिन आखिरी दो मैच थोड़े चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। दोनों टीम के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। इसके अलावा न्यूजीलैंड में बारिश होती रहती है और इसलिए एक मैच बारिश की भेंट चढ़ सकता है।’’