BRICS countries are linked by shared culture, peace and mutual respect: Shekhawat
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को कहा कि ब्रिक्स देशों के संबंध केवल आर्थिक या राजनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं बल्कि वे साझा सांस्कृतिक मूल्यों, शांति, आपसी सम्मान और समावेशी विकास की भावना से भी जुड़े हैं।
शेखावत ने यहां रवींद्र भवन में आयोजित ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव को संबोधित करते हुए यह बात कही। यह कार्यक्रम ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों के समूह की तीसरी बैठक के दौरान आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिक्स देश केवल आर्थिक या राजनीतिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि साझा संस्कृति, शांति, आपसी सम्मान और समावेशी विकास की गहरी भावना से जुड़े हैं।’’
शेखावत ने मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य सदियों से सभ्यताओं, विचारों, मान्यताओं और कलात्मक परंपराओं का संगम रहा है।
उन्होंने भीमबेटका के प्रागैतिहासिक शैलचित्रों, सांची की शांति, खजुराहो के भव्य मंदिरों और जनजातीय समुदायों की जीवंत परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश भारत की समृद्ध सभ्यतागत यात्रा को खूबसूरती से प्रतिबिंबित करता है।
उन्होंने भारतीय दर्शन के ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम’’ और ‘‘अतिथि देवो भव’’ जैसे मूल सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत के लिए आतिथ्य केवल सामाजिक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक उच्च सभ्यतागत मूल्य है।