दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-03-2026
Bomb threat to Delhi Assembly
Bomb threat to Delhi Assembly

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से बजट पेश किए जाने से कुछ घंटे पहले मंगलवार को विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि विधानसभा परिसर की तलाशी के बाद अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है और तलाशी अब भी जारी है।
 
उसने बताया कि सुबह सात बजकर 28 मिनट पर विधानसभा को बम की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ और इसके बाद सुबह सात बजकर 49 मिनट पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को भी एक ईमेल भेजा गया।
 
बम की धमकी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सुरक्षा बल ने तलाश शुरू की।
 
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने परिसर के अंदर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।’’
 
पुलिस उपायुक्त (उत्तर) राजा बांठिया ने एक बयान में कहा कि विधानसभा में बम निरोधक दल सहित विभिन्न एजेंसियों द्वारा जांच की गई।
 
उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है..।’’
 
ईमेल में कथित तौर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा सहित कई उच्च पदस्थ गणमान्य हस्तियों का जिक्र था।
 
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है, साथ ही गहन तलाशी अभियान जारी है।