आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कतर के रास लाफान औद्योगिकी शहर में हुई दुर्घटना में मारे गए आठ और भारतीय नागरिकों के शव उनके देश भेजे गए हैं तथा इसके साथ ही भारत भेजे गए शवों की कुल संख्या 12 हो गई है। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी।
इससे एक दिन पहले बृहस्पतिवार को चार लोगों के शव भारत भेजे गए थे।
भारतीय दूतावास ने शुक्रवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रास लाफान दुर्घटना में दुर्भाग्यपूर्ण रूप से मारे गए आठ भारतीय नागरिकों के शव 26 जून (शुक्रवार) को भारत भेजे गए। कुल 12 शवों में से चार को 25 जून (बृहस्पतिवार) को भेजा गया था।’’
‘कतरएनर्जी एलएनजी’ द्वारा संचालित रास लाफान औद्योगिक शहर स्थित बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति केंद्र में हुए विस्फोट में 12 भारतीयों समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में एक पाकिस्तानी नागरिक भी शामिल था।
भारतीय दूतावास ने शवों को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया में त्वरित सहायता करने और शोक संतप्त परिवारों को सहयोग देने के लिए कतर के अधिकारियों, भारतीय सामुदायिक संगठनों और भारत की सरकारी एजेंसियों का आभार व्यक्त किया।
कतर में भारत के राजदूत विपुल और दूतावास के अन्य अधिकारियों ने शुक्रवार को अल खोर का दौरा कर दुर्घटना में घायल उन भारतीय नागरिकों से भी मुलाकात की, जिनका उपचार किया जा रहा है।
दूतावास ने कहा, ‘‘सभी घायलों को उचित चिकित्सकीय सहायता दी गई है जिसके लिए दूतावास कतर के अधिकारियों और नियोक्ता कंपनी के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करता है।’’