आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से हटने के लिए विवश किया, क्योंकि वह उन्हें राजनीतिक रूप से समाप्त करना चाहती थी।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाजपा नेता सम्राट चौधरी नीत सरकार द्वारा पेश विश्वास मत प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान बोल रहे थे।
यादव ने कहा, “हमें पहले से पता था कि भाजपा नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री नहीं रहने देगी। भाजपा लगातार कहती रही कि 2030 तक नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता रहेंगे, लेकिन अब उसने उन्हें समाप्त कर दिया है।”
उन्होंने कहा, “किसी भी राज्य को राजनीतिक स्थिरता की आवश्यकता होती है, लेकिन बिहार की स्थिति अलग है। यहां पांच वर्षों में पांच सरकारें देखी गई हैं।”
तेजस्वी का संकेत उस अवधि की ओर था, जिसमें जद(यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार राजग में आते-जाते रहे।
भाजपा के भीतर असंतोष का संकेत देने का प्रयास करते हुए तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी के शुरुआती राजनीतिक जीवन का उल्लेख किया, जब वह राजद में थे।