आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत होगी और वहां भाजपा का 'कमल' खिलने जा रहा है।
नवीन ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को परिश्रम व पुरुषार्थ करने की नसीहत देते हुए कहा कि हमें राजनीति में 'शार्टकट' से बचना है। उन्होंने कहा कि आरक्षण संबंधी 'नारी शक्ति वंदन अभिनियम' को भाजपा निश्चित रूप से समय आने पर पूरा करेगी।
वे राजस्थान के टोंक शहर में पार्टी के जिला कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अंग से लेकर बंग तक और अब कलिंग तक अब भारतीय जनता पार्टी का शासन तो बढ़ रहा है लेकिन हमें अभी और भी आगे बढ़ना है।
उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल में भी जिस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने परिश्रम किया है,वहां जिस प्रकार से मेहनत की है और पश्चिम बंगाल की जनता जिस प्रकार से वहां के शासन के खिलाफ सड़कों पर आई है... मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि चार मई (मतगणना के दिन) को पश्चिम बंगाल में भी भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलने जा रहा, भगवा लहराने जा रहा है।'
उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की जनता वहां की शासन व्यवस्था से त्रस्त थी।
उन्होंने कहा, 'मां, माटी और मानुस के नाम पर जो सरकार आई थी उन्होंने वहां पर मां, माटी और मानुस के साथ बेईमानी करने का काम किया।'