आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की युवा शाखा द्वारा ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में ‘‘कमीज उतारकर किए गए विरोध प्रदर्शन’ के खिलाफ शनिवार को अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के पास प्रदर्शन किया।
हाथों में तख्तियां लिए और नारे लगाते हुए भाजपा के प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी की जमकर आलोचना की और उन पर देश की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए उन्हें ‘‘देशद्रोही’’ कहा।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए, भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और लोकसभा सांसद मनोज तिवारी ने भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के प्रदर्शन को ‘देशद्रोह’ का कृत्य करार दिया।
सचदेवा ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी देश की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते हुए अब उन्होंने भारत का विरोध करना शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के भाड़े के गुंडों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन ने वैश्विक मंच पर देश की छवि को धूमिल किया है तथा देश की सफलता पर गर्व करने वाला प्रत्येक भारतीय इससे शर्मिंदा है।’’
राज्य महासचिव विष्णु मित्तल और विधायक राज कुमार भाटिया सहित भाजपा के कई नेता, बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ मान सिंह रोड पर विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए।