आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। खंडूरी का हाल ही में निधन हुआ था।
अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दूसरे दिन नवीन, दिवंगत नेता खंडूरी के बसंत विहार स्थित आवास पहुंचे और उनके परिजनों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान नवीन के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बी.एल. संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।
‘जनरल साहब’ के नाम से लोकप्रिय खंडूरी का लंबी बीमारी के बाद 19 मई को 91 वर्ष की आयु में देहरादून में निधन हो गया था।
भाजपा अध्यक्ष ने खंडूरी के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के बाद उनकी पत्नी अरुणा खंडूरी, पुत्र मनीष खंडूरी और पुत्री व उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
नवीन ने कहा, “ खंडूरी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, ईमानदार प्रशासन और सुशासन के उच्च आदर्शों को समर्पित रहा। उत्तराखंड के विकास में उनका योगदान और जनकल्याण के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”
इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री धामी के आवास भी पहुंचे और उनके परिवारजनों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने धामी, उनकी पत्नी और दोनों पुत्रों के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री और उनके परिवारजनों से स्नेहपूर्ण भेंट हुई।