कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा-जद(एस) मिलकर बनाएंगे रणनीति

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-08-2026
BJP-JD(S) to jointly formulate strategy against Congress government in Karnataka
BJP-JD(S) to jointly formulate strategy against Congress government in Karnataka

 

अर्सला खान/नई दिल्ली

 
 कर्नाटक में विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल (सेक्युलर) ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ विधानमंडल के भीतर और बाहर मिलकर रणनीति बनाने का शनिवार को फैसला किया।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने कहा कि दोनों दल आगामी सत्र में बिदादी टाउनशिप समेत विभिन्न मुद्दे संयुक्त रूप से उठाएंगे।
 
कांग्रेस सरकार ने बेंगलुरु दक्षिण जिले में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित बिदादी टाउनशिप परियोजना बनाने की घोषणा की है।
 
भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी के नेतृत्व वाले जद(एस) के प्रतिनिधिमंडल के बीच हुई बैठक में यह फैसला किया गया। विपक्षी दल आगामी चुनावों से पहले सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ अपना अभियान तेज करने की तैयारी में हैं।
 
अशोक ने कहा कि भाजपा और जद(एस) ने बिदादी में जमीन अधिग्रहण के सरकार के कथित कदम और वहां रियल एस्टेट विकास की योजनाओं के खिलाफ संयुक्त रूप से संघर्ष करने का फैसला किया है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘आज हमने बिदादी में भूमि अधिग्रहण के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ मिलकर लड़ने का फैसला किया।’’
 
अशोक ने कहा कि भाजपा और जद(एस) विधानमंडल सत्र के दौरान होने वाले विरोध प्रदर्शनों में भी समन्वय करेंगे।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमने विधानसभा सत्र के दौरान फ्रीडम पार्क में संयुक्त प्रदर्शन करने का फैसला किया है। हम सदन के भीतर और बाहर, दोनों जगह इन मुद्दों को उठाएंगे।’’
 
अशोक ने कहा कि जद(एस) ने बिदादी टाउनशिप और कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) में कथित अनियमितताओं समेत अन्य मुद्दों को उठाने में भाजपा को पूरा समर्थन देने का आश्वासन दिया है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘अब से हमने यह भी तय किया है कि कर्नाटक में होने वाले सभी बड़े आंदोलनों में दोनों दल साथ मिलकर काम करेंगे।’’