अर्सला खान/नई दिल्ली
कनाडा ने 2026 के पहले छह महीनों में 3,323 भारतीय नागरिकों को देश से बाहर भेजा है। इसके साथ ही यह संख्या पिछले छह साल के सर्वाधिक आंकड़े को पार करने की ओर बढ़ रही है। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली है।
कनाडा सीमा सेवा एजेंसी (सीबीएसए) के आंकड़ों के अनुसार 2025 में पूरे साल में निकाले गए भारतीय नागरिकों की संख्या 3,779 थी जबकि इस साल के शुरुआती छह महीनों में ही 3,323 भारतीय नागरिकों को निकाला जा चुका है।
अब तक सबसे अधिक भारतीय वर्ष 2025 में निकाले गए थे।
कनाडा अपनी आव्रजन व्यवस्था को सख्त कर रहा है और अंतरराष्ट्रीय छात्रों तथा अस्थायी विदेशी कर्मचारियों समेत अस्थायी निवासियों की संख्या कम कर रहा है।
कनाडा आमतौर पर आव्रजन नियमों का पालन नहीं करने, शरण या शरणार्थी दावों के खारिज होने, वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी रुकने और वीजा धोखाधड़ी जैसे मामलों के कारण भारतीय नागरिकों को देश से बाहर भेजता है।