आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हथियारों से लैस भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग बृहस्पतिवार तड़के यहां पार्टी के कैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय में जबरन घुस गये और परिसर में तोड़फोड़ की।
बनर्जी ने दावा किया कि इन लोगों ने कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को क्षतिग्रस्त किया तथा वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं के मोबाइल फोन भी ले गए।
भाजपा ने हालांकि इन आरोपों को खारिज कर दिया। बारानगर से भाजपा विधायक सजल घोष ने दावा किया कि इस घटना में पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता शामिल नहीं था।
बनर्जी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में घटना की कथित सीसीटीवी फुटेज साझा की और सवाल किया कि क्या पश्चिम बंगाल के राज्यपाल, केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय इस मामले में कार्रवाई करेंगे या “आंखें मूंदे रहेंगे”।
डायमंड हार्बर के सांसद ने न्यायपालिका, विशेष रूप से कलकत्ता उच्च न्यायालय से भी इस घटना का “गंभीरता से संज्ञान” लेने और राज्य में कानून का शासन कायम रखने के लिए कार्रवाई करने का आग्रह किया।