आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) का प्रश्न पत्र ‘लीक’ होने के मामले को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि इस प्रकरण से सत्तारूढ़ दल की पोल खुल गई है।
गहलोत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया, “नीट प्रश्न पत्र लीक में गिरफ्तार आरोपी दिनेश बिंवाल भारतीय जनता पार्टी का पदाधिकारी है। क्या यही वजह है कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने इस मामले को छिपाने का प्रयास किया एवं कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की?”
इस मामले में गिरफ्तारी के बारे में आधिकारिक तौर पर अभी कुछ नहीं बताया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार, “मैं 11 मई से ही कह रहा था कि भाजपा सरकार प्राथमिकी क्यों नहीं दर्ज कर रही है? अब भाजपा की पोल खुल गई है।”
गहलोत ने कहा, “क्या अब भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले प्रश्न पत्र लीक माफिया को संरक्षण दे रही है।”
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को हुई ‘नीट-यूजी-2026’ को मंगलवार को रद्द करने की घोषणा की और केंद्र सरकार ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को इन ‘अनियमितताओं’ की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया।