आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार के पटना जिले में 14 मई की शाम विभिन्न शहरी इलाकों में 15 मिनट का ‘सिविल डिफेंस ब्लैकआउट एंड एयर रेड मॉकड्रिल’ किया जाएगा। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभ्यास शाम सात बजे से सात बजकर 15 मिनट तक पटना नगर निगम क्षेत्र, दानापुर निजामत, खगौल और फुलवारीशरीफ में किया जाएगा।
पटना के जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह पूर्व निर्धारित अभ्यास केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर किया जा रहा है।
बयान में बताया गया कि इस अभ्यास का उद्देश्य हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में प्रशासन, राहत एजेंसियों और नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी और समन्वय क्षमता की जांच करना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी प्रकार का वास्तविक खतरा नहीं है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। प्रशासन के अनुसार, अभ्यास के दौरान सायरन बजते ही लोगों से घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है।