Bihar: Devotees throng temples on Ram Navami; BJP president offers prayers in Patna
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राम नवमी के अवसर पर बिहार में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, उन्होंने प्रार्थना की और धार्मिक उत्साह के साथ पर्व मनाया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य की राजधानी पटना में महावीर मंदिर सहित कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैं सभी भारतीयों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। हम प्रार्थना करते हैं कि भगवान राम के जीवन में प्रदर्शित आदर्श और मूल्य हम सभी के जीवन का मार्गदर्शन करें।”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “बचपन से ही हम यहां महावीर मंदिर में भगवान राम के जन्मोत्सव के रूप में रामनवमी मनाते आ रहे हैं। यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि आस्था का प्रमुख केंद्र है।”
उन्होंने अपने गुरु दिवंगत आचार्य किशोर कुणाल को भी याद किया, जिन्होंने महावीर मंदिर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
नवीन ने कहा, “मेरे गुरु भगवान राम के चरणों में स्थान पा चुके हैं, लेकिन उनका योगदान हम सभी के लिए प्रेरणा बना रहेगा।”
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी रामनवमी के अवसर पर राज्य और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘भगवान राम का जीवन पूरी मानव जाति के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका जीवन मानव प्रेम, सद्भाव, सहनशीलता, त्याग-तपस्या एवं मर्यादा का प्रतीक है।’’
कुमार ने कहा, ‘‘भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में रामनवमी असीम भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। आप सभी पावन पर्व रामनवमी को प्रेम, भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ मनाएं।’’