भजनलाल शर्मा ने एसएमएस अस्पताल में ओपीडी सेवाओं का निरीक्षण किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-06-2026
Bhajanlal Sharma inspects OPD services at SMS Hospital
Bhajanlal Sharma inspects OPD services at SMS Hospital

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को यहां सरकारी सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल पहुंचकर बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवाओं का औचक निरीक्षण किया।
 
इस दौरान शर्मा ने विभिन्न विभागों की ओपीडी में चिकित्सा व्यवस्थाओं, दवाओं, जांच सहित साफ-सफाई के संबंध में अस्पताल प्रशासन से जानकारी ली। साथ ही, उन्होंने रोगियों एवं उनके परिजनों से बातचीत की तथा उनसे मिली जानकारी के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यक सुधार के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
 
मुख्यमंत्री भीलवाड़ा दौरे से जयपुर वापसी पर अचानक एसएसएस अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने धन्वंतरी भवन में ओपीडी सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान विभिन्न विभागों की ओपीडी सेवाओं का जायजा लिया।
 
उन्होंने कहा कि सवाई मानसिंह अस्पताल देश का प्रतिष्ठित अस्पताल है, यहां दूसरे राज्यों के लोग भी उपचार के लिए आते हैं जिसके चलते रोगियों की संख्या अधिक रहती है। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन सेवाओं में विस्तार और तकनीकी उपाय अपनाकर रोगियों को सुगम एवं सुलभ उपचार उपलब्ध करवाए।
 
उन्होंने कहा कि रोगियों को जांच और दवाओं के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़े, इसके लिए संबंधित विभाग की ओपीडी में ही जांच और दवा काउंटर की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। वहीं, उन्होंने अस्पताल परिसर में रोगियों और उनके परिजनों के लिए बैठने एवं पेयजल आदि की पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ ही साफ-सफाई रखने के भी निर्देश दिए।
 
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार सवाई मानसिंह अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बना रही है, जिससे यहां मरीजों को समय पर उचित उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि विगत ढाई वर्ष में एसएमएस में स्वास्थ्य सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके लिए चिकित्सा विभाग एवं अस्पताल प्रशासन साधुवाद के पात्र है, लेकिन जहां भी सुधार की गुंजाइश है, वहां जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
 
इस अवसर पर प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़, एसएसएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी व अन्य अधिकारी मौजूद थे।