बैंक यूनियनें अपनी मांग पर अड़ीं, 28-30 सितंबर की हड़ताल बरकरार, रविवार को खुला रहेगा बैंक

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-09-2026
Bank unions stick to their demands, continue strike from September 28-30, banks will remain open on Sunday
Bank unions stick to their demands, continue strike from September 28-30, banks will remain open on Sunday

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 देशभर की बैंक यूनियनों ने पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने का फैसला बरकरार रखा है। यह जानकारी ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डी. एन. त्रिवेदी ने बुधवार के दी।
 
हालांकि आरबीआई ने 27 सितंबर 2026 (रविवार) को देशभर में बैंक शाखाएं, एटीएम लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित रखने की अनुमति दी है।
 
त्रिवेदी ने बताया कि केंद्रीय उप मुख्य श्रम आयुक्त (डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर) के समक्ष आयोजित सुलह बैठक भी बेनतीजा रही। बैठक में सरकार एवं इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) ने अपने-अपने पूर्व रुख में कोई बदलाव नहीं किया।
 
उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन कार्य व्यवस्था लागू करने की है। वर्तमान व्यवस्था के तहत दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है, जबकि यूनियनें सभी शनिवार को छुट्टी देने की मांग कर रही हैं।
 
हड़ताल के दौरान सरकारी बैंकों की शाखाओं में नकद जमा, नकद निकासी, पासबुक अद्यतन, चेक क्लियरिंग तथा अन्य शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहेंगी।
 
त्रिवेदी ने कहा कि स्टेट बैंक से लेकर क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों तक विभिन्न बैंकों ने सोशल मीडिया और ग्राहक संदेशों के माध्यम से एडवाइजरी जारी कर ग्राहकों से 25 सितंबर तक अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य निपटा लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हड़ताल का असर निजी बैंकों के कामकाज पर भी पड़ सकता है।