50 बांग्लादेशी नागरिक बंगाल रवाना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-07-2026
50 Bangladeshi nationals leave for Bengal
50 Bangladeshi nationals leave for Bengal

 

 आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 
तमिलनाडु से 50 बांग्लादेशी नागरिकों के एक समूह को निर्वासित कर उनकी स्वदेश वापसी की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए ट्रेन से पश्चिम बंगाल भेजा गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
 
पुलिस के अनुसार, इन 50 लोगों में से 44 पुरुष और छह महिलाएं हैं। इससे पहले इन्हें सेलम ज़िले के अत्तूर तालुक कार्यालय परिसर में बने विशेष हिरासत शिविर में रखा गया था। आधिकारिक निर्वासन आदेशों के बाद, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच तीन वाहनों में इस समूह को तीन जुलाई को सड़क मार्ग से तिरुचिरापल्ली ले जाया गया।
 
पुलिस ने बताया कि तिरुचिरापल्ली पहुंचने के बाद इन लोगों को हावड़ा एक्सप्रेस के विशेष रूप से निर्धारित कोच में बैठाया गया। ट्रेन यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा के लिए सलेम सशस्त्र रिजर्व के पुलिस उपाधीक्षक शक्तिवेल के नेतृत्व में 40 सदस्यीय सशस्त्र पुलिस दल तैनात किया गया।
 
अधिकारियों ने बताया कि तमिलनाडु पुलिस पश्चिम बंगाल के हरिदासपुर सीमा पर इन बांग्लादेशी नागरिकों को औपचारिक रूप से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंपेगी। इसके बाद बीएसएफ उन्हें अंतिम औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर बांग्लादेशी अधिकारियों को सौंपेगी।
 
अत्तूर विशेष शिविर को अवैध प्रवासियों की आवाजाही को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने के लिए स्थापित किया गया था। इसमें वर्तमान में 130 से अधिक वह विदेशी नागरिक रह रहे हैं, जिनके मामले लंबित हैं या जो जमानत पर बाहर हैं।